बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन पर सुरक्षा के मद्देनजर शहर में सुबह छह बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया। डायवर्जन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की समाप्ति तक जारी रहेगा। इस दौरान पुराने रोडवेज बस अड्डे से बसों का संचालन नहीं होगा। डायवर्जन के चलते सुबह करीब 11 बजे ईसाइयों की पुलिया से लेकर अक्षर विहार तक जाम की स्थिति रही। उधर, मुख्यमंत्री की बैठक के कारण सर्किट हाउस की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।