यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा शुक्रवार से शुरू हो गई। बरेली के 29 केंद्रों पर परीक्षा कराई जा रही है। पहले दिन की परीक्षा के लिए बृहस्पतिवार रात से ही अभ्यर्थियों का बरेली आना शुरू हो गया। देर रात तक अभ्यर्थी शहर में पहुंचते रहे। पहली पाली के अभ्यर्थी सुबह सात बजे से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे। सुबह 7:30 बजे से परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू हो गया। 9:30 बजे केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। पहली पाली की परीक्षा दोपहर 12 बजे संपन्न हुई। सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिले के सभी 29 केंद्रों को पांच जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में एक जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।