बरेली में नवरात्र व ईद से पहले जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर में संवेदनशील स्थानों पर रूट मार्च किया। अधिकारियों ने जनता व व्यापारियों से संवाद कर माहौल भांपा। एडीजी जोन रमित शर्मा, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, आईजी डॉ. राकेश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य आदि अधिकारियों ने रूट मार्च के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों का जायजा लिया। जनमानस से त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। इस दौरान कई थानों की पुलिस साथ रही। पुलिस ने नगर में संचालित ई-रिक्शा एवं अन्य वाहनों के लाइसेंस, दस्तावेज एवं यातायात नियमों के अनुपालन की भी चेकिंग की।