रटौल थाना क्षेत्र के ढिकोली गांव में बिजली की हाई वोल्टेज लाइन में लगातार हो रही स्पार्किंग और सड़क सुरक्षा में लापरवाही को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नाराज़गी जताते हुए लाइन बदलने और सड़क पर चेतावनी पट्टी लगाने की मांग की। गांव के बनिया वाले चौराहे पर गुजरने वाली 33 हज़ार वोल्ट की लाइन के जंपर में पिछले दो वर्षों से लगातार स्पार्किंग हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार तार टूटकर गिर चुके हैं, जिससे राहगीर और दौड़ लगाने वाले युवक हादसे का शिकार होते-होते बचे हैं। ग्रामीणों सोमबीर, मोनू और राजीव ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को इस संबंध में शिकायत दी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके अलावा बागपत-ढिकोली मार्ग पर स्थित बनिया वाले चौराहे पर बने ब्रेकर पर सफेद चेतावनी पट्टी नहीं होने से बाइक सवार लगातार गिरकर घायल हो रहे हैं। इसको लेकर भी लोगों में गहरा रोष है। गांववासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे प्रशासनिक कार्यालय का घेराव करेंगे।