बीकापुर। विकासखंड क्षेत्र के खेवली इस्माइलपुर गांव में जल जीवन मिशन के तहत करीब 3.22 करोड़ रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी का ऊपरी हिस्सा टेस्टिंग के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया कि टंकी अभी पूरी तरह चालू भी नहीं हुई थी। पानी भरते ही स्टील की ऊपरी चद्दर बैठ गई और लीकेज शुरू हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। शिलापट्ट के अनुसार परियोजना का कार्य 21 फरवरी 2023 से शुरू हुआ था और 20 जनवरी 2025 तक पूर्ण होना था। इससे 4070 आबादी और 876 घरों को लाभ मिलना है। सुपरवाइजर अजय यादव ने बताया कि टंकी के ऊपरी भाग में तकनीकी समस्या आई है, जिसे दोबारा बनाया जाएगा।