अयोध्या शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित बल्ला हाता मोहल्ले में मां परमेश्वरी देवी मेमोरियल हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। बेनीगंज निवासी मृतक के परिजन सुरेश यादव ने सोनी यादव को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर अंजली श्रीवास्तव ने मौके पर मौजूद न रहकर फोन पर ही स्टाफ को निर्देश दिए, जिसके चलते प्रसव के दौरान लापरवाही हुई और दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग रिकाबगंज पुलिस चौकी पर एकत्र हो गए और डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा अस्पताल को सीज करने की मांग करने लगे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।