राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने बुधवार को अयोध्या के सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान 12 मामले सामने आए। इसमें से आठ शिकायतों का तुरंत निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई के दौरान सबसे ज्यादा घरेलू हिंसा के मामले सामने आए। अयोध्या की भाजपा नेत्री मधु पाठक ने ऑर्थो सर्जन डॉ. अब्दुस सलाम की शिकायत डीएम से करने के बाद बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य से भी की। भाजपा नेत्री मधु पाठक ने कुछ माह पहले अवध ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में आर्थो सर्जरी करवाई थी। उनकी सर्जरी डॉ. अब्दुस सलाम ने की थी। कुछ महीने बाद टाइटेनियम की लगी प्लेट टूट गई और डॉ. अब्दुस सलाम पर लापरवाही का आरोप लगा। मधु पाठक ने इसकी शिकायत डीएम से की। डीएम के आदेश के बाद सीएमओ ने पांच सदस्यीय टीम बनाई, जिसकी जांच अभी चल रही है। आज राज्य महिला आयोग के सामने भी मधु पाठक ने पेश होकर इसकी शिकायत की। राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने कहा कि मामला गंभीर है। डॉक्टर के खिलाफ जांच की जाएगी। यदि आरोप सही निकलते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान लव जिहाद का भी एक मामला सामने आया लेकिन लव जिहाद के मामले को मीडिया के सामने सार्वजनिक नहीं किया गया।