अंबेडकरनगर में जनपद न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। बैंक, चिकित्सा, पारिवारिक मामलों का निस्तारण कराया गया। पारिवारिक न्यायालय में जहां अपनों से बिछड़े मिले, वहीं लंबे समय से बैंक के ऋण के बोझ तले दबे उपभोक्ताओं को ऋण से मुक्ति मिली। लाभ पाए लोगों ने कोर्ट का आभार व्यक्त कर खुशी का इजहार किया। जनपद न्यायालय में दाखिल होते ही उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के काउंटरों पर भीड़ जमा नजर आई। हाल से आगे बढ़ने पर चिकित्सा विभाग के काउंटर पर मौजूद कर्मचारी लोगों की समस्याओं को हल करने में जुटे रहे। इससे आगे बढ़ने पर हाल में बीओबी, पीएनबी, एसबीआई, एचडीएफसी, श्रीराम फाइसेंस सहित अन्य बैंक के कर्मचारी अपने अपने काउंटर पर उपभोक्ताओं के ऋण व बैंक संबंध मामलों का निस्तारण करते दिखे।