आगरा में भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री पर मारपीट कर बंदूक तानने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता से जिला महामंत्री सत्यदेव दुबे का पहले भी विवाद हो चुका है। द्वारिका रेजिडेंसी ताजनगरी फेज-2 निवासी हिमेश वित्थरिया ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे गांव गढ़िया में सांसद प्रतिनिधि मुन्ना लंबर के घर उनके पिता के निधन पर शोक संवेदना के लिए गए थे। वहां से निकलते समय द्वारका ग्रीन फेस-वन रोहता निवासी भाजपा के जिला महामंत्री सत्यदेव दुबे अपने समर्थकों के साथ तीन वाहनों से पहुंचे और उनको घेर लिया। पुराने विवाद पर धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। उनके ऊपर बंदूक तान दी और सबके सामने जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी बासौनी ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले पर भाजपा जिला महामंत्री सत्यदेव दुबे का कहना है कि मेरी किसी से कोई लड़ाई नहीं हुई थी। जानबूझकर झूठे आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस प्रकरण में पुलिस आयुक्त से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।