आगरा में शारदा विश्वविद्यालय में दीक्षारंभ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत डीन छात्र कल्याण प्रो. शैलेंद्र सिंह के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने नए विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध परंपरा का विस्तारपूर्वक परिचय दिया। समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. डॉ. जयंती रंजन ने ब्रज क्षेत्र की पौराणिकता, प्रभु श्रीकृष्ण की लीलाओं और संत सूरदास के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों से भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को आत्मसात करने और उससे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को तकनीकी नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आने वाला समय पूरी तरह तकनीक-आधारित होगा और छात्रों को इसके अनुरूप खुद को तैयार करना होगा। समारोह में प्रो-चांसलर पीके गुप्ता ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने, सेवा कार्य में सक्रिय रहने, अंतःविषयी शिक्षा पर जोर देने तथा भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प के प्रति प्रेरित किया।