आगरा में पुलिस हिरासत में हुई गढ़ी हीसिया के केदार की मौत के तीसरे दिन गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। बता दें, गुरुवार को थाना डौकी की कबीस चौकी पुलिस के द्वारा दोपहर दो बजे केदार को घर से पूछताछ के लिए कबीस चौकी पर लाए थे, जहां हिरासत में केदार की मौत हो गई थी। गुस्साए लोगों ने आगरा लखनऊ एक्सप्रेस पर जाम लगा दिया था। पुलिस हिरासत में केदार की मौत के बाद अधिकारियों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शव का पोस्टमार्टम करा दिया। मगर उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं की। मृतक केदार के बेटे देवेंद्र ने कहा कि दो दिन में कार्रवाई नहीं की तो समाज के लोगों को इकट्ठा कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।