उत्तर प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक कहीं बादलों की आवाजाही तो कहीं तेज हवाओं और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी का दौर जारी है। शुक्रवार और शनिवार के बीच दिल्ली से सटे जिलों और तराई के इलाकों में गरज-चमक संग बूंदाबांदी देखने को मिली। मौसम विभाग ने रविवार से यूपी में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के दायरे और तीव्रता में बढ़ोतरी की संभावना है। इस दौरान कहीं कहीं वज्रपात और तड़ित झंझावात की भी संभावना है। मौसम विभाग की ओर से रविवार को पश्चिम और बुंदेलखंड के 10 जिलों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वही 60 से ज्यादा जिलों के लिए धूल भरी हवाएं चलने, तड़ित झंझावात के साथ ही गरज- चमक और बूंदाबांदी की चेतावनी जारी की गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ व पूर्वा और पश्चिमी हवाओं का समागम रविवार को पूरे यूपी को अपने प्रभाव में लेगा। इस दौरान कुछ जिलों में वज्रपात और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार धूल भरी हवाएं चलने की भी संभावना है।