फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ में अधिवक्ता पर फायरिंग, नहीं दबा ट्रिगर

Bhupendra Singh Updated Thu, 02 Jul 2026 06:31 PM IST

राजधानी लखनऊ में मड़ियांव थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक अधिवक्ता पर बाइक सवार दो युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने फायरिंग की, लेकिन गोली अधिवक्ता की गर्दन के पास से निकल गई। इसके बाद आरोपी वापस लौटे और दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन पिस्तौल ने फायर नहीं किया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रीती नगर निवासी अधिवक्ता कौशल पाण्डेय बुधवार रात करीब 10:30 बजे अपने मित्र कुलदीप रावत के साथ एकता पब्लिक स्कूल के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बाइक से पहुंचे आशुतोष तिवारी और गौरव बाजपेई उर्फ पीलू ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली कौशल पाण्डेय की गर्दन के पास से निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। कौशल के मुताबिक, पहली बार निशाना चूकने के बाद दोनों आरोपी उसी गली से वापस लौटे और फिर पिस्तौल तानकर दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन फायर नहीं हो सका। इस दौरान कौशल के साथ मौजूद कुलदीप रावत ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर भी पिस्तौल तानकर धमकाया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और थाना मड़ियांव के हिस्ट्रीशीटर हैं। घटना के बाद वह और उनका परिवार दहशत में है तथा उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें