मथुरा में जन्माष्टमी से पहले यमुना में उफान मुसीबत बन गया है। नौहझील क्षेत्र में यमुना नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर ने फिर से मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चार दिन की राहत के बाद नदी एक बार फिर उफान पर है। गुरुवार रात को अचानक यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे छिनपारई गांव के समीप नौहझील-शेरगढ़ मार्ग पर दो से तीन फीट तक पानी तेज बहाव के साथ सड़क पार कर रहा है।पानी भर जाने से राहगीरों और ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कत आ रही है। दोपहिया वाहन चालक व पैदल राहगीर जान जोखिम में डालकर सड़क पार कर रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अभी तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। स्कूली बच्चों, मरीजों और काम पर जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।