मथुरा के गोवर्धन में मुड़िया मेला को लेकर बृहस्पतिवार को एसडीएम नीलम श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में मेला के दौरान आपात स्थिति से निपटने की मॉकड्रिल की। इस दौरान मॉकड्रिल में सीएचसी गोवर्धन की एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम ने भागीदारी निभाई। दानघाटी मंदिर पर पर एक श्रद्धालु को बीमार दिखाकर अभ्यास किया गया। टीम ने तुरंत रेस्पॉन्स करते हुए उसे स्ट्रेचर पर लिटाकर भीड़ से बाहर निकालने की प्रक्रिया की। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने मरीज को सीएचसी पहुंचाने का अभ्यास किया। एसडीएम नीलम श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रकार की मॉकड्रिल से न तैयारियों को परखा जाता है बल्कि श्रद्धालुओं को भी विश्वास मिलता है कि आपातकालीन स्थिति में उन्हें मदद मिलेगी। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मॉकड्रिल के जरिए समय, तालमेल और मार्ग की बाधाओं का आंकलन किया गया है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, पुलिस बल की भूमिका भी रही। प्रशासन ने संकेत दिया कि मॉकड्रिल के अनुभव के आधार पर जरूरत होने पर अतिरिक्त चिकित्सा दल और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।