साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति का 24 घंटे के भीतर बीते 16 जुलाई को खाते में से 3.58 लाख रुपये वापस कराया गया। जिसके बाद पीड़ित के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। क्षेत्राधिकारी नगर देवेश सिंह व क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने बताया कि चंदवक थाना क्षेत्र के भैसा निवासी धर्मेंद्र गुप्ता को बीते 15 जुलाई को शाम पांच बजे फ्राड मोबाइल नंबर से फोन आया। जिसमें उसने एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड के संबंध में क्रेडिट कार्ड में रिवार्ड प्वाइंट का छूट लेने के लिए फर्जी एक्सिस बैंक की वेबसाइट पर क्लिक कराकर आवेदक को झांसे में ले लिया। जिससे वह 3 लाख 58 हजार 997 रुपये की धोखाधड़ी का शिकार हो गए। जिसकी शिकायत आवेदक ने साइबर क्राइम पोर्टल व साइबर क्राइम थाने पर की। जिसमें साइबर क्राइम पुलिस थाना की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित बैंक व मर्चेंट(एक्सिस बैंक व पे-यू मर्चेन्ट) से समन्वय स्थापित की। जिसके बाद धोखाधड़ी की धनराशि को 24 घंटे के भीतर आवेदक के खाते में वापस कराया गया। आवेदक ने ठगी का पैसा पुन: मिलने पर जौनपुर पुलिस का धन्यवाद देते हुए प्रशंसा की।