भाजपा पूरे प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से महात्मा गांधी की जयंती दो अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा चलाएगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय ने अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने सेवा पखवाड़े का निर्णय जनता से जुड़े कार्यों और समाज सेवा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लिया है। इस दौरान भाजपा की ओर से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रक्तदान शिविर लगाकर ब्लड बैंक को सशक्त बनाना, स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन, पौधरोपण अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई व माल्यार्पण शामिल है। भाजपा हमेशा जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनके साथ खड़ी रहती है। सेवा पखवाड़े के दौरान कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और सेवा भाव को लोगों तक पहुंचाएंगे। सर्किट हाउस सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और महिला मोर्चा की पदाधिकारी मौजूद रहीं।