अयोध्या में दिवाली से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को 24,000 करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना और दलहन क्षेत्र में 11,440 करोड़ के आत्मनिर्भरता मिशन का शुभारंभ किया। इसके साथ ही कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी 5,450 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। जबकि 815 करोड़ की नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री की यह योजनाएं किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादन को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी। केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि हर किसान आत्मनिर्भर बने और भारत को खाद्यान्न के क्षेत्र में वैश्विक शक्ति बनाया जाए। अयोध्या के कृषि विज्ञान केंद्र मसौधा में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस कार्यक्रम में आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह, कृषि वैज्ञानिकों और जिले के प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। किसानों ने प्रधानमंत्री की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह योजनाएं ग्रामीण समृद्धि और आधुनिक कृषि के नए द्वार खोलेंगी। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।