यूपी के अयोध्या में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की ओर से एक राष्ट्र-एक चुनाव विषयक विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की पूर्व मंत्री और बहराइच की विधायक अनुपमा जायसवाल पहुंची। इसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महिला आयोग की रिसोर्स पर्सन श्वेता राज सिंह ने हिस्सा लिया। इस मौके पर अनुपमा जायसवाल ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव की व्यवस्था से न सिर्फ चुनावी खर्चों में भारी कमी आएगी। बल्कि, देश के विकास कार्यों को तेज गति मिलेगी। एक देश-एक चुनाव की व्यवस्था भारत जैसे विशाल देश के लिए बहुत जरूरी है। इसके लिए देश की नारी शक्ति एकजुट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस दिशा में अपने कदम आगे बढ़ाने चाहिए। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सरोज मिश्रा ने कहा कि एक साथ चुनाव होने से प्रशासनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा। लोकतंत्र की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। इस दौरान मयूरी तिवारी, विजयलक्ष्मी जायसवाल, बसंती सिंह, डिंपल तिवारी, प्रतिमा शुक्ला, अनीता द्विवेदी, नेहा तिवारी, सीमा तिवारी, माया सिंह, सीमा सिंह, सुनीता गुप्ता, वसुंधरा सिंह, विनीता मोदनवाल, सुमन पासवान और शकुंतला त्रिपाठी समेत अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।