ब्राह्मणों पर अभद्र टिप्पणी को लेकर पूरे देश में फिल्म निर्माता व निर्देशक अनुराग कश्यप के खिलाफ लोग मोर्चा खोले हुए हैं। हालांकि अनुराग कश्यप ने माफी मांग ली है। इसके बावजूद इनके खिलाफ विरोध बढ़ता जा रहा है। अयोध्या में भी फुले फिल्म के निर्माता अनुराग कश्यप के खिलाफ सीओ सिटी को एफआईआर दर्ज करने की तहरीर दी गई है। यह तहरीर धर्म सेना के प्रमुख संतोष दुबे ने दी है। संतोष दुबे ने कहा कि अनुराग कश्यप ने ब्राह्मणों के खिलाफ फिल्म में अभद्रता की है। गलत शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि अनुराग कश्यप अपनी कई फिल्मों में इस तरह की हरकत कर चुके हैं। अनुराग कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए और उन्हें मुल्जिम बना कर अयोध्या लाया जाए।