रामनगरी में श्रद्धालुओं को लगातार बेहतर सुविधा देने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार काम कर रही है। अब अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को सही और सटीक जानकारी हो इसके लिए डिजिटल डिस्प्ले कियोस्क सिस्टम होटलों के साथ प्रमुख स्थलों पर लगाए जा रहे हैं। यहां से श्रद्धालु अयोध्या के प्रमुख मठ, मंदिर, सरयू घाट, आवागमन के मार्ग, हवाई यात्रा और रेल मार्ग के बारे में सही जानकारी पा सकेंगे। अयोध्या की प्राचीनता और पौराणिकता के बारे में सहजता से जानकारी मिल सकेगी फिलहाल अभी पर्यटन विभाग के दो होटल सरयू अतिथि गृह और होटल साकेत में इस सिस्टम को लगाया गया है। धीरे-धीरे अयोध्या के सभी प्रमुख होटलों में डिस्प्ले सिस्टम लगाया जाएगा ताकि जो भी श्रद्धालु जिस होटल में ठहरें, उनको उनकी सुविधा के लिए सभी जानकारी मिल सके डिस्प्ले सेवा में अयोध्या के पौराणिक मंदिरों, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और बस स्टॉप सहित कई जानकारियां उपलब्ध हैं। कियोस्क डिस्प्ले सिस्टम को श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की तरफ से लगाया गया है। कियोस्क डिस्प्ले सिस्टम के जरिये श्रद्धालु एक मंदिर से दूसरे मंदिर की दूरी, आने और जाने के सही मार्ग, मंदिर के खुलने, आरती, पूजा और दर्शन की जानकारी भी ले सकेंगे। श्रद्धालुओं को सही जानकारी हो, उनको धर्मनगरी अयोध्या में कोई असुविधा न हो, इसको लेकर श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की तरफ से कियोस्क डिस्प्ले लगाया गया है, जो सफल होने पर कई अन्य स्थलों पर लगाया जाएगा।