भारत का बेटा शुभांशु शुक्ल 18 दिन अंतरिक्ष में बिताने के बाद आज धरती पर वापस लौट रहा है। इसके लिए पूरे देश में प्रार्थनाओं का दौर चल रहा है। रामनगरी अयोध्या में भी शुभांशु शुक्ल के सकुशल लैंडिंग के लिए अनुष्ठान किया गया। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ल और एक्सिओम-4 मिशन के तीन अन्य चालक दल के सदस्य अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में 18 दिन बिताने के बाद आज पृथ्वी पर लौटेंगे। वे कल स्पेसएक्स ड्रैगन के जरिए पृथ्वी की लगभग 22 घंटे की यात्रा पर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की परिक्रमा करने वाली प्रयोगशाला से रवाना हुए और आज दोपहर तीन बजे (भारतीय समयानुसार) अमेरिका के कैलिफोर्निया तट पर पहुंचने की उम्मीद है। अयोध्या में अंतरिक्ष यात्री शुभम शुक्ल के सफल लैंडिंग के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान किया गया। इस दौरान हनुमत महायज्ञ में भगवान भूतनाथ और मां दुर्गा की आराधना कर आहुतियां डाली गईं। अयोध्या के संत महंतों ने भारतीय समय के अनुसार दोपहर तीन बजे अंतरिक्ष यात्री शुभम शुक्ल का अंतरिक्ष यान सफल लैंड हो, इसको लेकर ईश्वर से प्रार्थना करते हुए यज्ञ अनुष्ठान किया। साथ ही भारत का गौरव ऐसे ही बढ़ता रहे, इसके लिए ईश्वर से कामना की।