अयोध्या में दर्जनों वीणा के मधुर समवेत स्वर से बृहस्पतिवार को श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर का सम्पूर्ण परिसर झंकृत हो उठा। हैदराबाद के सरकारी संगीत और नृत्य कालेज से पधारी 74 संगीत साधिकाओं ने वीणा के समवेत स्वर से प्रभु श्रीराम की आराधना की। तीर्थ क्षेत्र के आयोजन सहयोगी शैलेंद्र शुक्ल ने बताया कि प्राचार्य पी. जयालक्ष्मी के नेतृत्व में आई इन साधिकाओं ने संगीत स्तुति के उपरांत भगवान श्रीराम का दर्शन पूजन किया।