रामनगरी अयोध्या में पूराकलंदर थाना क्षेत्र के पगलाभारी गांव में ब्लास्ट के बाद सपा सांसद अवधेश प्रसाद शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे। घटना पर आक्रोश जताते हुए उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि पूर्व में भी इस तरह की घटना हो चुकी है। इसके बाद भी पुलिस ने कोई सीख नहीं ली। सिलिंडर से ब्लास्ट का मामला फर्जी है। मौके पर बारूद का जखीरा मौजूद था। बीते साल भी इसी तरह की घटना गांव में हुई थी। उसमें तीन लोगों की मौत हुई थी। मृतक आरोपी को गांव के लोगों ने बहिष्कृत कर दिया था। इसके बाद से वह गांव के बाहर मकान बनाकर रह रहा था। धड़ल्ले से पटाखों का अवैध कारोबार कर रहा था। इस समय दिवाली का माहौल है। पुलिस को ऐसी घटनाओं पर नजर रखनी चाहिए। जो इस तरह का पटाखे का व्यापार कर रहे हैं, उन पर नजर रखें ताकि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने पाए।