अयोध्या में कोतवाली नगर पुलिस ने टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, 6200 रुपये नकद, तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए हैं। कार्रवाई शुक्रवार तड़के भाजपा कार्यालय तिराहे के पास की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद के वाहन को डाक गाड़ी बताकर सवारियों को बैठाते थे और लिफाफे में पैसे रखवाकर हस्ताक्षर के बहाने ठगी करते थे। उतरते समय असली रकम की जगह कागज से भरा लिफाफा थमा देते थे। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि गोसाईगंज निवासी मो. अयूब की शिकायत और कार नंबर के आधार पर पुलिस ने गिरोह तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश यादव, दीपक सिन्हा और राकेश शामिल हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।