अयोध्या में कैंट थाना क्षेत्र में शौचालय विवाद में हुई हत्या की घटना के बाद घायल महिला रेनू यादव का हाल जानने मंगलवार को अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे। विधायक ने घायल महिला से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और पूरी घटना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों से बातचीत कर रेनू यादव के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। गौरतलब है कि सोमवार को शौचालय के विवाद में छोटे भाई समेत परिवार के अन्य लोगों पर बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा था। घटना में रेनू यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को ही जेल भेज दिया था। इस दौरान सीएमएस, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आशीष सहित अन्य मौजूद रहे।