बलदेव। अधिक मास में बलदेव क्षेत्र में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा व श्री दाऊजी महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ रहा है। भीषण गर्मी व उमस में हजारों परिक्रमार्थी भक्ति भाव से परिक्रमा मार्गों पर आगे बढ़ रहे हैं। चारों ओर "राधे-राधे" के जयघोष और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। पूरे क्षेत्र में मानव श्रृंखला बनीं हुई है। मंदिरों व परिक्रमा मार्गों पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। दूर-दराज के जिलों और विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु श्री दाऊजी महाराज और रेवती मैया के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सामाजिक संस्थाओं और सेवाभावियों द्वारा जगह-जगह शीतल जल, भंडारे, फलाहार, चिकित्सा सहायता एवं विश्राम की व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय लोगों ने कहा अधिक मास में आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है, पूरा क्षेत्र धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर रहेगा।