मथुरा में सावन के पहले सोमवार को सुबह चार बजे से ही चिंताहरण महादेव पर शिव भक्तों ने जलाभिषेक शुरू कर दिया। पहले सोमवार को भोले के 50 हजार भक्तों ने चिंताहरण महादेव का गंगाजल से अभिषेक किया। इसके साथ ही शहर के रंगेश्व महादेव, भूतेश्वर समेत अन्य शिवालयों पर भक्तों ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया। पहले सोमवार को चिंताहरण महादेव मंदिर पर उमड़ने वाली भीड़ से निपटने के लिए एसपी देहात ने रविवार शाम को ही मंदिर परिसर का निरीक्षण किया था। साथ ही सुरक्षा में जो कमियां थी उन्हें दुरुस्त कराया था। सोमवार की सुबह 5 बजे ही वह पुन: मंदिर पहुंच गए। एसपी देहात के पहुंचने से पहले ही भक्तों से जलाभिषेक शुरू कर दिया था। एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि मंदिर में प्रवेश के लिए बैरिकेडिंग कराई गई है। प्रवेश और निकास मार्ग अलग-अलग किए हैं। साथ ही महिलाओं के प्रवेश के लिए अलग बैरिकेडिंग की गई है। उन्होंने बताया कि पहले सोमवार को सुबह चार बजे से भक्तों से जलाभिषेक शुरू कर दिया था। सोमवार को 50 हजार भक्तों ने भोले बाबा का जलाभिषेक किया। इसमें कांवड़ियों के साथ आसपास के लोगों भी शामिल थे। भोले बाबा का जलाभिषेक करने के लिए लोगों में होड़ मची हुई थी। प्रत्येक भक्त जल्द से जल्द बाबा का जलाभिषेक करना चाहता था। जल्दबाजी के चक्कर में कुछ भक्तों में भीड़ में धक्का मुक्की का भी प्रयास किया गया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जल्दबाजी के चक्कर में धक्का मुक्की करने वालों को कड़ी चेतावनी दी तो धक्का मुक्की बंद हो गई और दोपहर तक भोले बाबा का जलाभिषेक होता रहा।