गाजीपुर जनपद के चार पेट्रोल पंपों पर मंगलवार को पेट्रोल नहीं होने का बोर्ड टंगा नजर आया। पेट्रोल पंपों के ड्राई होने के कारण 10 हजार लोग गर्मी में तेल के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। 41 डिग्री सेल्सियस के पारे में उन्हें सूझ नहीं रहा था कि आखिर वह क्या करें। उधर, जिला पूर्ति विभाग का दावा है कि जनपद में पेट्रोल व डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन ड्राई पेट्रोल पंप विभाग के दावे की पोल खोल रहे हैं। पेट्रोल पंपों का ड्राई होना इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति व्यवस्था चरमराने लगी है। लेकिन, विभाग ऑल इज वेल होने का दावा कर रहा है। विभाग के दावे और जमीनी सच्चाई में जमीन-आसमान का अंतर है। इन सबके बीच लोग पीस रहे हैं। उनको तेल लेने के लिए एक पेट्रोल पंप से दूसरे पेट्रोल पंप का चक्कर लगाना पड़ रहा है।