श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर में रामलला के विराजमान होने के प्रथम वार्षिकोत्सव प्रतिष्ठा द्वादशी की तैयारियों को अयोध्या में अंतिम रूप दिया जा रहा है। राम मंदिर के पास मुख्य समारोह स्थल अंगद टीला पर मंच तैयार किया जा रहा है। यहीं पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान 11 जनवरी से 13 जनवरी तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन 11 जनवरी को रामलला का महाभिषेक, श्रृंगार, भोग और प्राकट्य आरती होगी। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।