अयोध्या के बीकापुर तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक अनोखा मामला चर्चा का केंद्र बन गया। हैदरगंज थाना क्षेत्र के कटौना निवासी शेर बहादुर वर्मा ने अधिकारियों पर गुझिया और सेब के रूप में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। फरियादी ने जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुडे के समक्ष पेश होकर बताया कि भूमि विवाद के चलते पूर्व में उनके पुत्र की हत्या हो चुकी है। आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल ने गलत रिपोर्ट लगाकर उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा 67 के तहत मामला दर्ज करा दिया। बाद में दोबारा पैमाइश में रिपोर्ट गलत साबित हुई। शेर बहादुर वर्मा का कहना है कि मुकदमा समाप्त कराने के लिए तहसीलदार से मिलने पर उनसे 2 किलो गुझिया और 2 किलो सेब लाने को कहा गया। गुझिया न मिलने पर उन्होंने 2 किलो पेड़ा, 2 किलो सेब और 5 हजार रुपये भी दिए, इसके बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर नाराजगी जताते हुए जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच की जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी को सौंपी गई है। उप जिलाधिकारी श्रेया ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है और रिपोर्ट जल्द ही जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।