- ग्राम गोंदन की घटना, पांच लोगों पर हत्या का मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
दतिया। क्रिकेट खेलने के दौरान बच्चों में हुए विवाद के बाद ग्राम गोंदन में कुछ लोगों ने मंगलवार को सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक को दो गोलियां लगीं। उसे गंभीर हालत में इंदरगढ़ अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। गोली मारने से पहले आरोपियों ने पत्थरबाजी भी की। भांडेर एसडीओपी कर्णिक श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया।
पुलिस के मुताबिक ग्राम गोंदन निवासी नरेंद्र (40) पुत्र दशरथ यादव के परिवार के लड़कों का सोमवार को आरोपी पक्ष के अंकित पुत्र दिनेश यादव से क्रिकेट खेलने के दौरान किसी बात को लेकर मुंहवाद हो गया था। मंगलवार को सुबह पौने नौ बजे वह अपने भाई रामजी यादव के घर के पास खड़ा था तभी उसके गांव के अंकित पुत्र दिनेश उर्फ कल्लू यादव, अंकित पुत्र रामबाबू यादव, शिवम पुत्र बहादुर यादव और सत्यम पुत्र अवधेश यादव वहां आए और गाली-गलौज करने लगे। मना किया तो आरोपियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर उसके भाई रामजी यादव को लगे। पत्थरबाजी से बचने के लिए वह वहां से भागा तभी अंकित पुत्र दिनेश ने जान से मारने की नीयत से गोली मारी जो उसके बाएं हाथ की हथेली में लगी। जबकि दूसरी गोली शिवम यादव ने मारी, जो दाहिनी जांघ में गोली लगी। इससे वह जमीन पर गिर गया। परिवार के लोग तत्काल उसे इंदरगढ़ अस्पताल ले गए। यहां घायल अवस्था में पुलिस ने उसके बयान लिए। गंभीर हालत के चलते उसे ग्वालियर रेफर कर दिया लेकिन उसकी रास्ते में मौत हो गई। पुुलिस ने आरोपी अंकित पुत्र दिनेश यादव, शिवम यादव, सत्यम यादव, अंकित यादव व एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है।

महंगापुर के श्री गुरु तेग बहादुर स्कूल में कबड्डी में प्रतिभाग करते स्कूली बच्चे। संवाद