{"_id":"6a89c54ea13b651b760a6aff","slug":"video-a-womans-purse-was-snatched-in-vijay-nagar-sparking-outrage-over-the-drug-de-addiction-center-and-the-theft-2026-08-22","type":"video","status":"publish","title_hn":"विजय नगर में महिला से पर्स झपटा, नशा मुक्ति केंद्र को लेकर और चोरी को लेकर भी लोगों में रोष","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
विजय नगर में महिला से पर्स झपटा, नशा मुक्ति केंद्र को लेकर और चोरी को लेकर भी लोगों में रोष
शहर में चोरी, छीना-झपटी और लूटपाट की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला विजय नगर इलाके का है, जहां शनिवार शाम करीब 7 बजकर 2 मिनट पर ननद के साथ बाजार जा रही महिला से मोटरसाइकिल सवार युवक पर्स झपटकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रोष है।
जानकारी के अनुसार रंजना अपनी ननद के साथ सोमवार के व्रत से संबंधित सामान खरीदने के लिए बाजार जा रही थी। जब वे रानी झांसी चौक से तहसील चौक की ओर जाते हुए विजय नगर इलाके में पहुंचीं तो पीछे से मोटरसाइकिल पर आए एक युवक ने अचानक रंजना का पर्स झपटा और तेज रफ्तार से फरार हो गया।
रंजना के मुताबिक पर्स में मोबाइल फोन, करीब 3 हजार रुपये नकद, बैंक के एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। पर्स छीने जाने के बाद रंजना और उसकी ननद ने आरोपी का पीछा करने का प्रयास किया तथा शोर भी मचाया, लेकिन आरोपी मोटरसाइकिल लेकर इतनी तेजी से भागा कि कुछ ही देर में दोनों महिलाओं की आंखों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। मोहल्ले में लगे कुछ कैमरों की फुटेज में दोनों महिलाएं बाजार की ओर जाती हुई दिखाई दीं, लेकिन जिस स्थान पर झपटमारी हुई, वहां लगे कैमरे की निगरानी सीमा में वारदात का स्थान नहीं आ रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के भागने की दिशा में आगे स्थित घरों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
थाना सिटी प्रभारी परमिंदर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कर्मचारियों को मौके पर भेजकर जांच करवाई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
नशा मुक्ति केंद्र के आसपास नशीली गोलियां बेचने का आरोप
वहीं, विजय नगर वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों राज कुमार भल्ला, अजीत सिंह मिगलानी, वार्ड पार्षद जतिंद्रपाल राणा सहित अन्य मोहल्ला निवासियों ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहल्ले के बाहर स्थित सरकारी नशा मुक्ति केंद्र के आसपास रोजाना कुछ युवक नशीली गोलियों की कथित तौर पर अवैध बिक्री करते हैं।
मोहल्ला निवासियों का आरोप है कि कुछ युवक नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली जीभ के नीचे रखने वाली गोलियां कथित तौर पर काले बाजार में बेचते हैं। उनका कहना है कि कथित तौर पर ग्राहकों को विजय नगर में ही बुलाकर गोलियां दी जाती हैं और उनसे पैसे लिए जाते हैं। निवासियों ने दावा किया कि इस संबंध में पुलिस को पहले भी कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
कुछ दिन पहले घर में चोरी का भी आरोप
मोहल्ला निवासी टिंकू मिगलानी ने बताया कि कुछ दिन पहले विजय नगर में कलकत्ता मशीनरी वालों के घर में भी चोरी की घटना हुई थी। उनके अनुसार चोर घर के अंदर से बड़ी मात्रा में कीमती तार चोरी कर ले गए। उन्होंने दावा किया कि मामले की शिकायत पुलिस को दिए जाने के बावजूद जांच अभी तक लंबित है।
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
मोहल्ला निवासियों ने पुलिस प्रशासन से विजय नगर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, नशीली गोलियों की कथित अवैध बिक्री पर रोक लगाने तथा चोरी और झपटमारी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की भी अपील की गई है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।