{"_id":"6aff358ee1e4b7c432092de5","slug":"video-wages-amounting-to-rs-192-crore-for-7285-mgnrega-workers-have-remained-unpaid-for-seven-months-2026-11-19","type":"video","status":"publish","title_hn":"मनरेगा के 7,285 श्रमिकों की सात माह से अटकी 1.92 करोड़ रुपये की मजदूरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मनरेगा के 7,285 श्रमिकों की सात माह से अटकी 1.92 करोड़ रुपये की मजदूरी
जुनावई। विकासखंड क्षेत्र की 72 ग्राम पंचायतों में तैनात 47 रोजगार सेवक मनरेगा के तहत श्रमिकों को काम उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को संचालित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद रोजगार सेवकों को पिछले चार माह से मानदेय नहीं मिला है। वहीं, मनरेगा के तहत काम करने वाले हजारों श्रमिकों की मजदूरी भी कई माह से लंबित है। इस समस्या को लेकर बृहस्पतिवार को रोजगार सेवकों का प्रतिनिधिमंडल ने खंड विकास अधिकारी डॉ. आदेश कुमार से मिला ओर अपनी समस्याएं रखीं। समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
रोजगार सेवकों ने बीडीओ को बताया कि चार माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करने और घरेलू खर्च चलाने का संकट खड़ा हो गया है। एपीओ सुधांशु अंजाना एवं रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ओमकार सिंह ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कार्य करने वाले 7,285 श्रमिकों की करीब एक करोड़ 92 लाख 19 हजार रुपये की मजदूरी पिछले सात माह से लंबित है। समय पर भुगतान नहीं होने के कारण अब गांवों में मनरेगा के कार्यों के लिए मजदूर नहीं मिल पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण मजदूरों का कहना है कि उन्हें गांव में अन्य कार्यों पर करीब 600 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिल सकती है, लेकिन उन्होंने मनरेगा में काम किया। इसके बावजूद कई माह बीतने पर भी मेहनताना नहीं मिला है। ऐसे में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। मजदूरों का कहना है कि जब तक पिछली मजदूरी का भुगतान नहीं होगा, तब तक मनरेगा के कार्यों में मजदूरी करना उनके लिए संभव नहीं है।
ब्लॉक अध्यक्ष ओमकार सिंह ने मनरेगा के कार्यों में आ रही अन्य समस्याओं से भी बीडीओ को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कुछ ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन गांव के कुछ लोगों ने उसे रुकवा दिया। इस संबंध में तहसील स्तर पर पैमाइश कराने की मांग की गई, लेकिन राजस्व विभाग की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण कार्य अधर में लटका हुआ है।
इसके साथ ही रोजगार सेवकों ने लंबित मानदेय का भुगतान कराने, ईपीएफ की सुविधा उपलब्ध कराने तथा कार्यों के संचालन के लिए नया मोबाइल फोन दिलाने की मांग भी उठाई। इस पर बीडीओ डॉ. आदेश कुमार ने रोजगार सेवकों को उनकी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
वहीं, बीडीओ ने स्पष्ट किया कि यदि रोजगार सेवक हड़ताल करते हैं तो हड़ताल की अवधि का मानदेय देय नहीं होगा। इस मौके पर नीरज कुमार, राजवीर सिंह, भगवान दास सहित अन्य रोजगार सेवक मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।