मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार तेज रफ्तार कार हादसे के बाद मामला संदिग्ध हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हाईवे ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। चौंकाने वाली बात ये रही कि हादसे में क्षतिग्रस्त कार से पुलिस को हथियार मिले हैं।
बता दें सफेद रंग की कार आगरा की तरफ से आ रही थी। हाईवे ओवरब्रिज पर कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायलों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें- सतना: हिस्ट्रीशीटर हत्याकांड में बढ़ा दबाव, सिंहपुर टीआई हटे; अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग बरकरार
हादसे के बाद पुलिस को उस समय शक हुआ, जब कार की तलाशी में एक पिस्टल, कटारी, रेती और कुछ नगदी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक कार सवार चारों लोगों ने शुरुआत में अपना गलत पता बताया था। बाद में जब घायलों के मोबाइल फोन पर परिजनों के कॉल आने लगे, तब पुलिस को उनके भोपाल निवासी होने की जानकारी मिली। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चारों लोग भोपाल से कहां गए थे और हादसे के समय आगरा की तरफ से मुरैना होकर कहां जा रहे थे। कार से मिले हथियारों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई उदयभान यादव के मुताबिक, मामला फिलहाल संदिग्ध है। पुलिस के अनुसार कार में मिली कटारी और रेती सामान्य इस्तेमाल की वस्तुओं से अलग प्रकार की हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि चारों लोग किसी आपराधिक घटना को अंजाम देकर लौट रहे थे। पुलिस ने कार और उसके नंबर की भी जांच की है। अधिकारियों के मुताबिक वाहन और उसका नंबर ओरिजनल है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस की एक टीम ग्वालियर भी गई है।
फिलहाल चारों घायलों का इलाज ग्वालियर में चल रहा है। पुलिस उनके होश में आने का इंतजार कर रही है। उनके बयान दर्ज होने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि वे कहां से आ रहे थे, उनके पास हथियार क्यों थे और उनके साथ मौजूद सामान का क्या इस्तेमाल होना था। फिलहाल पुलिस हादसे के साथ-साथ हथियार बरामदगी के एंगल से भी जांच कर रही है। घायलों से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।