संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। ठंड और कोहरे से ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहा है। इसके चलते ट्रेनें देरी से गंतव्य तक पहुंच रही हैं जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेन वंदे भारत भी विलंबित हुई और 30 मिनट देरी से पहुंची।
कोहरे के चलते रोजाना ट्रेनें देरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंच रही हैं। इससे यात्रियों को भी काफी परेशानी हो रही है। मंगलवार को उदयपुर सिटी साप्ताहिक एक्सप्रेस साढ़े 3 घंटा लेट, पोरबंदर एक्सप्रेस 2 घंटे, जिम कार्बेट, रानीखेत एक्सप्रेस आधा घंटा देरी से आईं। जहां सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनें लेट हो रही हैं तो वहीं वंदे भारत ट्रेन भी विलंबित हो रही है। मौजूदा मौसम ने वंदे भारत की भी गति रोक दी है।
अजमेर वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को आधा घंटा तेरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंची। दूसरी तरफ मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिन में कुछ समय के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन बाद में फिर से बादल छा गए। सुबह के समय हल्की धुंध भी छाई हुई थी। दोपहर के समय धूप कुछ समय के लिए जरूर निकली, मगर फिर से बादल छाने लगे। इस दौरान शाम के समय हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली है। मौसम परिवर्तनशील होने के कारण लगातार ठंड बढ़ रही है। यह बूंदाबांदी किसानों के लिए काफी लाभदायक है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि दिन का तापमान सामान्य से कम और रात के न्यूनतम तापमान बढ़ा है। मंगलवार को कहीं-कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बादल छाए रहे। सम्पूर्ण इलाके में नमी में बढ़ोतरी से सुबह के घंटों में कोहरा देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ी राज्यों में 26 व 27 दिसंबर को सक्रिय होने वाला है, जिससे राजस्थान और उत्तरी गुजरात में लो प्रेशर सिस्टम बनेगा और जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हल्की मध्य खंड बर्फबारी व बारिश की संभावना है। कुछ पश्चिमी राजस्थान के जिलों में भी इस सिस्टम का असर हल्की सी मध्यम बारिश के रूप में हो सकता है। पूर्वी दक्षिणी पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में सिस्टम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
आने वाले दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया है। इस मौसम प्रणाली से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। आने वाले दिनों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का ट्रिपल अटैक कोल्ड वेव, कोहरा और कोल्ड डे की गतिविधियां देखने को मिलेगी।
अतुल दीक्षित।