उदयपुर शहर और देहात कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव को लेकर अपना संकल्प पत्र जारी किया। इस मौके पर उदयपुर के पूर्व सांसद और देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि कांग्रेस का फोकस उदयपुर की प्राकृतिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर रहेगा।
झीलों को प्रदूषण से बचाने के लिए आधुनिक सीवरेज प्लांट का वादा
कांग्रेस के संकल्प पत्र में पिछोला, फतेहसागर और उदयसागर सहित शहर की प्रमुख झीलों को प्रदूषण से बचाने के लिए आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का वादा किया गया है। उदयसागर और बेड़च नदी में गंदे पानी तथा औद्योगिक कचरे की मॉनिटरिंग के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने की बात भी कही गई है।
धरोहर संरक्षण कोष से प्राचीन विरासत बचाने का संकल्प
कांग्रेस ने ऐतिहासिक रिवरफ्रंट के पुनरुद्धार और शहर की प्राचीन धरोहरों के संरक्षण के लिए ‘धरोहर संरक्षण कोष’ बनाने का संकल्प लिया है। पार्टी ने आयड़ नदी और आहाड़ सभ्यता के संरक्षण के साथ अरावली क्षेत्र में अवैध कटाई और निर्माण पर रोक लगाने का भी वादा किया है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रत्येक वार्ड में हेल्थ क्लीनिक खोलने की बात कही है। इन क्लीनिकों में प्राथमिक जांच, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरी दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।
ई-लाइब्रेरी और फ्री वाई-फाई से युवाओं पर फोकस
शिक्षा और युवाओं के लिए हर वार्ड में ई-लाइब्रेरी और फ्री वाई-फाई सुविधा शुरू करने का संकल्प लिया गया है। युवाओं और महिलाओं के लिए कंप्यूटर, पर्यटन, हस्तशिल्प और तकनीकी क्षेत्रों में निशुल्क कौशल विकास केंद्र खोलने का भी वादा किया गया है।
ट्रैफिक से लेकर रोजगार तक, रिंग रोड और नाइट फूड प्लाजा का वादा
कांग्रेस ने शहर की ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए रिंग रोड और सैटेलाइट टाउन विकसित करने की बात कही है। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए नाइट फूड प्लाजा शुरू करने तथा मेवाड़ी भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए विशेष आयोजनों का भी संकल्प पत्र में उल्लेख किया गया है।
CM भजनलाल के रोड शो पर कांग्रेस का हमला, बताया ‘फ्लॉप शो’
संकल्प पत्र जारी करने के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के उदयपुर रोड शो को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य और पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने मुख्यमंत्री के रोड शो को ‘फ्लॉप शो’ बताते हुए कहा कि निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री का रोड शो करना भाजपा में डर का माहौल दिखाता है।
वहीं, कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी 45 से ज्यादा सीटें जीतकर नगर निगम में बोर्ड बनाएगी।
कांग्रेस के संकल्प पत्र के जरिए पार्टी ने जहां उदयपुर के विकास और विरासत संरक्षण को चुनावी मुद्दा बनाया है, वहीं मुख्यमंत्री के रोड शो पर हमला कर चुनावी मुकाबले को और अधिक राजनीतिक बना दिया है।