जयपुर की बड़ी चौपड़ में भीषण आग: सेठी कॉम्प्लेक्स के भवन मालिक पर एफआईआर, तीन धाराओं में केस
जयपुर की बड़ी चौपड़ स्थित सेठी कॉम्प्लेक्स में 13 घंटे तक आग धधकती रही। कई दुकानें चपेट में आईं, दमकल को परेशानी हुई और अब भवन मालिक पर एफआईआर दर्ज हुई।
विस्तार
बड़ी चौपड़ स्थित मिनहारी जी के कटले के सेठी कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने भवन मालिक आनंद सेठी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह मामला पुलिस की ओर से दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट में भवन में अवैध निर्माण, अग्निशमन सुरक्षा उपकरण चालू हालत में नहीं होने, फायर एनओसी की व्यवस्था नहीं होने और आने-जाने के रास्ते संकरे व अवरुद्ध होने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक आग करीब 13 घंटे तक धधकती रही। कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर लगी आग तेजी से फैल गई और कई दुकानों व गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि इसे बुझाने में दमकलकर्मियों को लंबे समय तक मशक्कत करनी पड़ी।
रास्ता संकरा होने से दमकल को हुई परेशानी
पुलिस के अनुसार कॉम्प्लेक्स तक दमकल की गाड़ियों के पहुंचने में भी दिक्कत आई। रास्ता संकरा और अवरुद्ध होने के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। आग पर काबू पाने के लिए एक अस्थायी व्यवस्था भी करनी पड़ी।
मामले में उप निरीक्षक नरेन्द्र की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एफआईआर की जांच थानाधिकारी राकेश खालिया को सौंपी गई है। पुलिस अब भवन में किए गए निर्माण, अग्निशमन इंतजाम और फायर एनओसी समेत सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करेगी।
यह भी पढें- जयपुर: भाजपा की पार्षद अर्चना ने कांग्रेस के समर्थन से भरा चेयरमैन पद का पर्चा, परिजन बोले- पुलिस जबरन ले गई
आग में इन दुकानों को नुकसान
आग की चपेट में आने वाली दुकानों और गोदामों में सतनाम मदान ट्रेडर्स, जितेन्द्र/कमल, कमल अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, राजेश, हसन, रमेश/राजेश, राकेश गुप्ता की विमल होजरी एजेंसी, छोटूमाई पुरुषोत्तम, अशोक कुमार शर्मा और विकास शर्मा समेत अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं। इसके अलावा 201-ए में राजेश/दीपिका, 202-ए में कमल, 203-ए में कमल, 204-ए में मगन, 205-ए में राजेश/दीपिका और 206-ए में राजेश/दीपिका की दुकानें भी प्रभावित हुईं। विमल होजरी एजेंसी में करीब 65 से 70 लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। अन्य दुकानों में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।