मोबाइल फोन पर बातचीत में जरा सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ गई। रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल पर बात कर रहा एक युवक तेज रफ्तार मेमू ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगवां रेलवे फाटक के पास की है। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान सौरभ त्यागी पिता रामगोपाल त्यागी, उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी ग्राम जौरा, जिला मुरैना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सौरभ त्यागी देवगवां में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के कार्य में लगी केपीपी कंपनी में काम करता था। रोजमर्रा के काम के सिलसिले में वह क्षेत्र में ही मौजूद था, लेकिन एक पल की चूक उसकी जिंदगी का आखिरी पल बन गई।
ये भी पढ़ें-
उज्जैन खड़े हनुमान: टीम ने एक घंटे की स्कैनिंग, रास्ता रोका-कैमरा मोड़ा; पार्षद बोले-प्रतिमा हटाने की तैयारी?
प्रत्यक्षदर्शी राघवेंद्र त्यागी के अनुसार, सौरभ मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान अप लाइन पर आ रही मेमू ट्रेन की चपेट में वह आ गया। ट्रेन से टकराने के बाद वह अप लाइन के पास रखे कंक्रीट स्लीपर के नीचे जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को सूचना देने और आगे की वैधानिक प्रक्रिया भी की जा रही है।
मोबाइल की एक कॉल और जिंदगी का अंत!
यह हादसा एक बार फिर रेलवे ट्रैक पार करते समय बरती जाने वाली लापरवाही को सामने लाता है। ट्रेन की आवाज, रफ्तार और रेलवे ट्रैक पर मौजूद खतरे के बावजूद मोबाइल पर बातचीत करना कितना घातक हो सकता है, देवगवां की यह घटना उसका दर्दनाक उदाहरण है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी, लेकिन एक परिवार ने अपना 35 वर्षीय सदस्य खो दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कुछ मिनट की जल्दबाजी और असावधानी की कीमत एक जिंदगी को क्यों चुकानी पड़ी।