{"_id":"6b02d62a80e44afa4c074adf","slug":"video-renuka-fair-multilingual-poetry-conference-social-issues-2026-11-22","type":"video","status":"publish","title_hn":"सिरमौर: रेणुका मेले में कवियों ने रचनाओं से सामाजिक कुरीतियों पर किया प्रहार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिरमौर: रेणुका मेले में कवियों ने रचनाओं से सामाजिक कुरीतियों पर किया प्रहार
Ankesh Dogra
Updated Sun, 22 Nov 2026 05:16 PM IST
Link Copied
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के दौरान भाषा एवं संस्कृति विभाग और रेणुका विकास बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में बहुभाषीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि दीपचंद कौशल ने की, जबकि मंच संचालन वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ईश्वर दास राही ने किया। दो दर्जन से अधिक कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक मुद्दों, संवेदनाओं और समसामयिक विषयों को प्रस्तुत किया।
डॉ. ईश्वर दास राही ने अपनी कविता में बचपन की यादों और अपनेपन को खूबसूरती से प्रस्तुत करते हुए कहा, “मैं छोटा था, एक घर में रहता था, कच्चा-पक्का नहीं मगर अपना था।” कवि प्रेमपाल आर्य ने “संगी-साथी भी मिले...” रचना प्रस्तुत की।
वरिष्ठ कवि ब्रह्मनंद शर्मा (पंकज) ने बेटियों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “मां-बाप का उद्धार है बेटी, हर घर का सुधार है बेटी।” वहीं संजय भारद्वाज ने “रोको रे रोको मेरे राम जा रहे हैं...” और डॉ. श्रीकांत अकेला ने “जिंदगी का सफर खुशनुमा चाहिए” कविता सुनाई।
सुरेंद्र कुमार ने सोशल मीडिया के बदलते दौर पर “सोशल मीडिया रा खोस चाला दौर...” रचना के माध्यम से व्यंग्य किया। अर्चना शर्मा ने “कर उम्मीदें सभी दायरे में कभी, आदमी जात हूं कोई देवी नहीं...” के माध्यम से नारी मन की भावनाओं को स्वर दिया। अनंत आलोक ने “कटे-फटे कपड़े बने, खानदान पहचान...” के जरिए सामाजिक सोच पर कटाक्ष किया।
दीपराज विश्वास ने “हाले-दिल हमने सुनाया तो रो पड़ोगे तुम...” कविता सुनाई, जबकि शून्य विनोद ने “कोई बेचता है, कोई खरीदता है...” रचना प्रस्तुत की।
कवयित्री मीनाक्षी वर्मा ने “अब तो तुम्हारा घर आना ही खुद अपने आप में एक उत्सव है...” कविता से रिश्तों की संवेदनाओं को उकेरा। सुनीता देवी ने “धारों गोंड़ो राबास किंकरी देवी री धरती...” के माध्यम से स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय भावनाओं को अभिव्यक्त किया। आत्माराम शर्मा ने “कवि छत में बुलाएं, कवि चांद दिखाएं...” रचना प्रस्तुत की।
कवि योगेंद्र अग्रवाल योगी की कविता “आज खुद से एक सवाल करें, अपने आचरण में थोड़ा सुधार करें...” ने विशेष रूप से श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने अपनी रचना के माध्यम से नागरिकों को कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि देश केवल नेताओं और सरकार से नहीं बनता, बल्कि नागरिकों के कर्तव्यों के बिना राष्ट्र का संवरना संभव नहीं है।
दीपक जोशी ने भगवान परशुराम को संबोधित करते हुए “भगवान परशुराम एक बार धरा पर फिर आ जाओ, अदालत की काली छाया से रेणुका के अस्तित्व को बचाओ...” कविता के माध्यम से रेणुका के अस्तित्व से जुड़े मुद्दे को उठाया। डॉ. प्रमोद पारीक ने “परशुराम का अंतर्द्वंद्व...” और दिव्या चौहान ने “एक मुर्दा लेटा है लकड़ी की सेज पर...” कविता प्रस्तुत की।
सम्मेलन में अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास, अज्ञानता और व्यवस्था की खामियों को उजागर किया।
इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी, बीडीओ ददाहू दर्शन लाल पुंडीर सहित सैकड़ों साहित्यप्रेमी और श्रोता उपस्थित रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।