उदयपुर जिले में पंचायत राज चुनाव के तहत उपप्रधान पदों पर भी भारतीय जनता पार्टी ने अपना दबदबा कायम रखा है। जिले की 20 पंचायत समितियों में से 19 के उपप्रधान पदों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें भाजपा ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 5 और निर्दलीय प्रत्याशी को एक सीट मिली। वहीं, ओगणा पंचायत समिति में मतगणना के दौरान निर्धारित संख्या से एक अधिक वोट मिलने के कारण चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए। यहां उपप्रधान पद के लिए दोबारा चुनाव कराया जाएगा।
वल्लभनगर और कल्याणपुर पंचायत समितियों में उपप्रधान निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, ओगणा पंचायत समिति में मतदान के बाद मतगणना के दौरान कुल 15 मतों की जगह 16 मत निकलने से विवाद खड़ा हो गया। ओगणा पंचायत समिति में कुल 15 वार्ड हैं। यहां भाजपा के 6, कांग्रेस के 7 और अन्य के 2 सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन प्रशासन ने पूरी रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेज दी है। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि ओगणा पंचायत समिति की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेजी गई है। विभाग से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ओगणा के निर्वाचन अधिकारी बद्रीलाल ने बताया कि मानवीय भूल के कारण निर्धारित संख्या से अधिक वोट पड़ गए। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। अब राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देशों के बाद आगे की चुनाव प्रक्रिया तय होगी।
गिर्वा में हरीश मीणा ने दर्ज की जीत
गिर्वा पंचायत समिति में उपप्रधान पद पर भाजपा के हरीश मीणा ने जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मदन डांगी को हराकर उपप्रधान पद पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भाजपा ने गिर्वा में भी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई।
गौरतलब है कि उदयपुर में भाजपा ने पहले नगर निगम, फिर जिला परिषद और अब पंचायत समितियों के चुनाव में भी अपना दबदबा कायम रखा है। उपप्रधान चुनाव के नतीजों ने जिले की ग्रामीण राजनीति में भाजपा की मजबूत स्थिति को फिर से सामने ला दिया है। हालांकि, ओगणा में दोबारा होने वाला चुनाव अब राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।