शहर के बालाजी मार्केट स्थित केडीए ऑडिटोरियम के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गेल कंपनी की गैस पाइप लाइन फूट गई। पाइप से तेज प्रेशर के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया और पूरे इलाके में तेज बदबू फैल गई। सूचना मिलते ही कंपनी के ठेकेदार, अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
घटना की सूचना सबसे पहले बिल्डिंग मैनेजर हिमांशु ने दी। उन्होंने ठेकेदार विपुल रॉय को फोन पर बताया कि पाइप लाइन फट गई है। विपुल रॉय तुरंत मौके पर पहुंचे और 32 एमएम की पाइप लाइन से हो रहे गैस रिसाव को मोड़कर अस्थाई रूप से बंद कर दिया। समय रहते गैस लीकेज को रोके जाने से बड़ा हादसा टल गया।
ये भी पढ़ें: Alwar News: डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गया युवक मुजफ्फरनगर से लापता, छह दिन बीतने के बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
गेल कंपनी के ऑपरेशन हेड सी.पी. चौधरी ने बताया कि निगम की ओर से नाले की सफाई का कार्य चल रहा था और उसी दौरान गैस पाइप लाइन को नुकसान पहुंचा। जांच में सामने आया है कि लेबर द्वारा नाला साफ करते समय पाइप लाइन टूट गई, जिससे आसपास के करीब 150 मकानों में करीब एक घंटे तक गैस की आपूर्ति बाधित रही। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया। साथ ही स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। फिलहाल कंपनी की टीम पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य कर रही है।