{"_id":"6a900b3c8b7b029f3707aa6e","slug":"narsinghgarh-sunar-river-rescue-father-and-son-safely-rescued-by-fishermen-damoh-news-c-1-1-noi1513-4656437-2026-08-27","type":"video","status":"publish","title_hn":"दमोह: मोबाइल की जिद में नदी में कूदा युवक, बचाने गए पिता ने भी लगाई छलांग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दमोह: मोबाइल की जिद में नदी में कूदा युवक, बचाने गए पिता ने भी लगाई छलांग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
Published by: दमोह ब्यूरो
Updated Thu, 27 Aug 2026 04:34 PM IST
Link Copied
पथरिया विकासखंड के नरसिंहगढ़ में गुरुवार सुबह मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक सुनार नदी तक पहुंच गया। उसे नदी में देखकर उसके 68 वर्षीय पिता भी उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। तेज बहाव के कारण दोनों पुल के नीचे पानी के बीच फंस गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी शहजाद खान और कुलदीप प्रजापति ने दोनों को नदी में फंसा देखा तो आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद नरसिंहगढ़ चौकी पुलिस को सूचना दी गई। चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू की तैयारी शुरू की गई।
नाव लेकर नदी में पहुंचे मछुआरे
मांझी समाज के मंडल अध्यक्ष डालचंद रैकवार को घटना की जानकारी मिलने पर वह स्थानीय लोगों के साथ नाव लेकर नदी में पहुंचे। तेज बहाव के बीच सावधानी से नाव को पुल के नीचे ले जाकर दोनों तक पहुंचाया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस आरक्षक कमल ने भी तत्परता दिखाई और दोनों को सुरक्षित स्थान पर लाकर समझाइश दी।
मोबाइल गुम होने के बाद पिता से मांगा था नया फोन
बताया गया कि युवक अंकित यादव का मोबाइल गुम हो गया था। वह अपने पिता द्वारिका यादव से नया मोबाइल दिलाने की मांग कर रहा था। पिता के मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद अंकित नदी की ओर चला गया। पिता भी उसके पीछे पहुंच गए। इसी दौरान दोनों नदी के तेज बहाव में फंस गए। समय रहते लोगों की नजर पड़ने और मछुआरों की मदद मिलने से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
करीब एक साल से रानगिर में रह रहा परिवार
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान अंकित यादव (20) और उसके पिता द्वारिका यादव (68) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से दमोह के बजरिया वार्ड के निवासी बताए गए हैं और करीब एक वर्ष से रानगिर में रह रहे हैं। द्वारिका यादव मजदूरी करते हैं और ऑटो भी चलाते हैं। बताया गया कि उन्होंने अंकित को गोद लिया है।
30 फीट ऊंचे पुल के नीचे तेज बहाव
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस पुल के आसपास यह घटना हुई, उसकी ऊंचाई करीब 30 फीट है। लगातार बारिश के कारण सुनार नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव भी तेज है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने नदी और पुल के आसपास जाने से बचने की अपील की है। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें स्थानीय लोगों और मछुआरों द्वारा नाव से रेस्क्यू करते हुए दृश्य दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में दोनों से जानकारी लेने के बाद उन्हें घर भेज दिया। स्थानीय लोगों की तत्परता और मछुआरों की मदद से समय रहते पिता-पुत्र को सुरक्षित निकाल लिया गया।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।