{"_id":"6aaf0c24f6c8f4b6aa04ad18","slug":"youtuber-takes-own-life-by-causing-cylinder-blast-2026-09-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: यू-ट्यूबर ने सिलिंडर ब्लास्ट कर खुद की जान ली, पुलिस कह रही थी लगी है आग... बाद में सनसनीखेज खुलासा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: यू-ट्यूबर ने सिलिंडर ब्लास्ट कर खुद की जान ली, पुलिस कह रही थी लगी है आग... बाद में सनसनीखेज खुलासा
Sun, 20 Sep 2026 03:57 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 20 Sep 2026 03:57 AM IST
सार
छानबीन के दौरान पता चला कि घटना से पहले मृतक ने व्हाट्सएप पर एक सुसाइड नोट अपने परिचितों को शेयर किया था और यू-ट्यूब पर एक वीडियो अपलोड किया था जिसमें उसने कहा था कि यह उसका आखिरी वीडियो है।
विज्ञापन
प्रतीक चित्र
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक बुजुर्ग यू-ट्यूबर (64 वर्षीय) विजय कुमार ने व्हाट्सएप पर अपना सुसाइड नोट पोस्ट कर घर में आग लगा ली। धमाके के साथ जब एलपीजी सिलिंडर फटा तो पड़ोसियों को खबर हुई। फौरन इसकी सूचना पुलिस के अलावा दमकल विभाग दी गई। खबर मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू का काम शुरू किया।
विज्ञापन
हालांकि शुरुआत में पुलिस और दमकल विभाग इसे आग लगने की सामान्य घटना मान रहा था, सुबह होते जब मृतक के करीबियों ने वीडियो की जानकारी पुलिस को दी तो इस सनसनीखेज आत्महत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है। क्राइम टीम के अलावा फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मृतक के परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि विजय कुमार तिलक नगर शाहपुरा इलाके में किराये के मकान में पांच साल से रह रहे थे। उनका अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 3.26 बजे पुलिस को तिलक नगर के ओल्ड शाहपुरा के एक मकान में आग लगने और सिलिंडर फटने की सूचना मिली।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही तिलक नगर थाना पुलिस के साथ दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। हालांकि पड़ोसियों ने तब तक अपने स्तर पर आग पर काबू पा लिया था। तलाशी के दौरान कमरे से बुरी तरह से जली हुई हालत में एक पुरुष का शव मिला।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुभाष नगर निवासी प्रकाश चौहान ने मृतक की पहचान विजय के रूप में की। साथ ही बताया कि वह तलाकशुदा था और यू-ट्यूब पर गाने का व्लॉग बनाता और अपलोड करता था। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल के मोर्चरी में रखवाकर मामले की छानबीन शुरू की।
छानबीन के दौरान पता चला कि घटना से पहले मृतक ने व्हाट्सएप पर एक सुसाइड नोट अपने परिचितों को शेयर किया था और यू-ट्यूब पर एक वीडियो अपलोड किया था जिसमें उसने कहा था कि यह उसका आखिरी वीडियो है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुराए।
सोशल मीडिया पर बोला, अलविदा
सोशल मीडिया पर विजय ने लिखा कि उसे एक बेटी भी है। लेकिन उसे अपनी बेटी से मिलने नहीं दिया जाता। अपनी सुसाइड नोट में बताया कि उससे कोई मिलने वाला नहीं है, इसलिए उसके जीने का कोई औचित्य ही नहीं है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक का मोबाइल अभी तक बरामद नहीं हुआ है।
फिलहाल यह पता नहीं लगाया जा सका कि उसने व्हाट्सएप पर किस व्यक्ति को संदेश भेजे थे। मृतक ने अपना अंतिम संदेश वीडियो के जरिये दिया है, जिसमें उसने स्पष्ट रूप से कहा है कि अपना जीवन समाप्त करने का निर्णय उसने अपनी स्वयं की इच्छा से लिया है।