रक्षाबंधन के अवसर पर ग्वालियर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लाड़ली बहनों ने आत्मीय अंदाज में स्वागत किया। बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी और सरकार की ओर से संचालित योजनाओं, खासकर लाड़ली बहना योजना के तहत मिल रही आर्थिक सहायता के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की।
राखी बांधने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहनों से सीधे संवाद किया। उन्होंने पूछा कि हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता उन्हें नियमित रूप से मिल रही है या नहीं। साथ ही उन्होंने यह भी जाना कि महिलाएं इस राशि का उपयोग अपनी जरूरतों के लिए किस तरह कर रही हैं। बहनों ने भी मुख्यमंत्री के साथ अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए। बातचीत के दौरान उनके चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया।
ये भी पढ़ें: एमपी: रतलाम के दो दिग्गज कांग्रेस नेताओं का निधन, बंशीलाल गांधी और नासिर कुरैशी को अंतिम विदाई
रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को उपहार भी दिए। बहनों ने उपहार स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में रक्षाबंधन के उत्सव के साथ सरकार की महिला-केंद्रित योजनाओं की भी झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे अपनी जरूरतों से जुड़े फैसले अधिक आत्मनिर्भरता के साथ ले सकें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और लाड़ली बहनों के बीच सीधा संवाद आकर्षण का केंद्र रहा। इससे रक्षाबंधन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पारिवारिक और भावनात्मक माहौल दिखाई दिया।