Hindi News
›
Video
›
Haryana
›
Kurukshetra News
›
BJP’s ‘Samarasata Sankalp Yatra’ (Harmony Pledge Journey) will pass through eight districts of the state; it will commence on November 18.
{"_id":"6af70402589e10a80c0e8bb2","slug":"video-bjps-samarasata-sankalp-yatra-harmony-pledge-journey-will-pass-through-eight-districts-of-the-state-it-will-commence-on-november-18-2026-11-13","type":"video","status":"publish","title_hn":"प्रदेश के आठ जिलों से गुजरेगी भाजपा की समरसता संकल्प यात्रा, 18 नवंबर से होगा आगाज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्रदेश के आठ जिलों से गुजरेगी भाजपा की समरसता संकल्प यात्रा, 18 नवंबर से होगा आगाज
कुरुक्षेत्र।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान का चौथा चरण 18 नवंबर से शुरू होगा। इसके अंतर्गत जालंधर से काशी तक निकाली जाने वाली समरसता संकल्प यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को प्रदेश के आठ जिलों से गुजरेगी। इस दौरान कुरुक्षेत्र में विशाल धर्मसभा तथा सोनीपत और फरीदाबाद में जिला स्तरीय कार्यक्रम होंगे। यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ संतों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
यात्रा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को कुरुक्षेत्र स्थित भाजपा जिला कार्यालय गीता कमल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला की गई। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य विशेष रूप से पहुंचे जबकि इस दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार, विपुल गोयल और कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता और गोपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर तथा पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल सहित दस जिलों के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यशाला के दौरान करीब दो घंटे तक यात्रा मार्ग से जुड़े जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा के स्वागत, जनसभाओं, सामाजिक सहभागिता, प्रचार-प्रसार तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक उपरांत उन्होंने मीडिया से चर्चा में बताया कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष को समरसता संकल्प अभियान के रूप में मना रही है। इसी क्रम में 18 नवंबर को डेरा सचखंड बल्लां, जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा प्रारंभ होगी। यह 18 दिवसीय यात्रा लगभग 2558 किलोमीटर का सफर तय करते हुए गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी में संपन्न होगी। पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से गुजरने वाली इस यात्रा के दौरान 19 बड़ी धर्मसभाएं तथा 28 जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बॉक्स
कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री करेंगे विशाल धर्मसभा को संबोधित
डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि समरसता संकल्प यात्रा 25 नवंबर को सहारनपुर से यमुनानगर के रास्ते हरियाणा में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी, जहां शाम चार बजे विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। धर्मसभा को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संबोधित करेंगे। प्रदेश की सीमा पर लगभग 500 मोटरसाइकिलों के साथ यात्रा के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। 26 नवंबर को यात्रा कुरुक्षेत्र से करनाल, पानीपत और सोनीपत होते हुए मेरठ की ओर प्रस्थान करेगी। इसके बाद 28 नवंबर को यात्रा दिल्ली से फरीदाबाद और पलवल होते हुए मथुरा की ओर रवाना होगी।
बॉक्स
गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना यात्रा का उद्देश्य : लाल सिंह
पार्टी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन और दर्शन सामाजिक समानता, न्याय, भाईचारे तथा मानव गरिमा का संदेश देता है। गुरु रविदास महाराज द्वारा परिकल्पित बेगमपुरा एक ऐसे आदर्श समाज की संकल्पना है, जहां किसी प्रकार का भय, भेदभाव या अन्याय न हो और प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान एवं अधिकार प्राप्त हों। समरसता संकल्प यात्रा का प्रमुख उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के इन्हीं महान विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा सामाजिक समरसता की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।