छठ महापर्व 2026: पटना के 100 से अधिक तालाब-पार्क तैयार, गंगाजल मिलाया जा रहा; इन जगहों पर दे सकते हैं अर्घ्य
छठ महापर्व पर पटना में इस बार श्रद्धालुओं को एक खास सुविधा मिलने जा रही है। अब अर्घ्य देने के लिए हर किसी को गंगा घाटों तक जाने की जरूरत नहीं होगी। नगर निगम ने शहर में ऐसी व्यवस्था की है, जिससे घर के आसपास ही पर्व की तैयारियां पूरी हो सकेंगी। जानिए आपके इलाके में क्या इंतजाम किए गए हैं।
विस्तार
पटना में छठ महापर्व को लेकर नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस बार श्रद्धालुओं को गंगा घाटों के अलावा अपने घरों के आसपास भी अर्घ्य देने की सुविधा मिलेगी। शहर के विभिन्न अंचलों में 100 से अधिक स्थायी और अस्थायी तालाबों, पार्कों, मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर छठ पूजा की व्यवस्था की गई है। नगर निगम की ओर से इन सभी चिह्नित स्थलों पर गंगाजल मिलाया जा रहा है। इसके साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों में वाटर टैंकरों के माध्यम से लोगों को मुफ्त गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
नगर निगम के अनुसार, इस अभियान के लिए सभी अंचलों में 15 से अधिक वाटर टैंकर लगाए गए हैं। इन टैंकरों से छठ पूजा के लिए तैयार किए गए स्थायी और अस्थायी तालाबों में गंगाजल मिलाया जा रहा है। इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों पर टैंकरों को 15 से 20 मिनट तक निर्धारित स्थानों पर रोककर गंगाजल बांटा जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को घर के आसपास ही गंगाजल उपलब्ध कराना है।
आज से शुरू हुआ छठ महापर्व: इस बार दो खास योग का बन रहा शुभ संयोग; जानिए नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक का महत्व
घर के नजदीक ही अर्घ्य देने की सुविधा
नगर निगम ने गंगा घाटों पर भीड़ का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में वैकल्पिक व्यवस्था की है। नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, बांकीपुर, कंकड़बाग, अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल में तालाबों और पार्कों को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया है।
किस अंचल में कहां कर सकेंगे अर्घ्य?
नूतन राजधानी अंचल
- नूतन राजधानी अंचल में 18 स्थलों पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। इनमें महुआबाग तालाब, बीएमपी-05 तालाब, बीएमपी-10 तालाब, पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान तालाब, शिव मंदिर रोड तालाब, मानिकचंद तालाब, पुलिस कॉलोनी डी सेक्टर पार्क और पुलिस कॉलोनी सी सेक्टर पार्क शामिल हैं। इसके अलावा श्री बजरंगबली मंदिर तालाब, बेउर गांव तालाब, बेउर थाना तालाब, शिवपुरी पार्क, पंच मंदिर तालाब, कच्ची तालाब, अदालतगंज तालाब, एलएफ पार्क, मीठापुर तालाब और पटना चिड़ियाघर तालाब में भी अर्घ्य की व्यवस्था की गई है।
पाटलिपुत्र अंचल
- पाटलिपुत्र अंचल में सबसे अधिक 42 स्थलों पर छठ पूजा की व्यवस्था की गई है। यहां शिव मंदिर नेपाली नगर, दुर्गा आश्रम शेखपुरा, एक्साइज कॉलोनी, बैंक कॉलोनी मंदिर पार्क, टावर गली दीघा-आशियाना रोड और शिव-शक्ति कॉलोनी मोड़ पर श्रद्धालु अर्घ्य दे सकेंगे। राजीव नगर में रोड संख्या-4, रोड संख्या-6, रोड संख्या-09, रोड संख्या-14 और रोड संख्या-24 पर भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जयप्रकाश नगर, रवि चौक मंदिर, ओम कुटीर शिवपुरी, महेश नगर, राघव मंदिर केसरी नगर, शिव मंदिर इंद्रपुरी रोड-6 और सीडीए कॉलोनी पार्क को भी तैयार किया गया है। राजवंशी नगर बोर्ड कॉलोनी, ब्लॉक-96 के पास स्थित मंदिर का तालाब (वार्ड-8), पूर्व मंत्री कांति सिंह के आवास के पास (वार्ड-20), पुनाईचक पार्क, पंचमुखी हनुमान मंदिर और बिंदेश्वरी नगर पॉलीटेक्निक मोड़ (वार्ड-22बी) में भी अर्घ्य दिया जा सकेगा। पीएनटी कॉलोनी पार्क पोस्ट ऑफिस (वार्ड-25), चकारम, श्री कृष्ण नगर रोड नंबर-23 स्थित पार्क, श्री कृष्ण नगर रोड नंबर-20 स्थित पार्क, गोलघर कैंपस, कला एवं शिल्प महाविद्यालय परिसर और बुद्ध घाट पॉन्ड भी सूची में शामिल हैं। इसके साथ ही राजवंशी नगर बीसीडी कैंपस, डॉ. बसंत बाबू उजाला हाउस (वार्ड-02), चंद्र बिहार कॉलोनी शिव मंदिर (वार्ड-02), दुर्गा मंदिर मधुबनी अपार्टमेंट के पास (शास्त्री नगर), गांधी नगर (वार्ड-02), आशियाना फेज-2 (वार्ड-02), पांडे जी के घर के पास (वार्ड-20), काली मंदिर 90 फीट रोड (वार्ड-02), बाबा चौक, चपरासी क्वार्टर श्री कृष्णा नगर और श्रमजीवी पत्रकार यूनियन कैंपस में भी छठ पूजा की सुविधा मिलेगी।
बांकीपुर अंचल
- बांकीपुर अंचल में आठ स्थानों पर अर्घ्य की व्यवस्था की गई है। इनमें बुद्ध मूर्ति गोलंबर तालाब, लालजी टोला, समादार पार्क, भंवर पोखर पार्क, कांग्रेस मैदान, नवरत्न कॉलोनी सैदपुर गोलंबर, वाजपेयी पार्क पाटलिपुत्र पथ और पटना कॉलेजिएट स्कूल ग्राउंड शामिल हैं।
कंकड़बाग अंचल
- कंकड़बाग अंचल में 31 स्थलों पर छठ पूजा की तैयारी की गई है। यहां बिजली ऑफिस के पीछे कृषि विभाग का तालाब (वार्ड-29), राजेंद्र कृषि फॉर्म कॉलेज तालाब (वार्ड-30), बथानी तालाब (वार्ड-30) और चांदमारी रोड पानी टंकी (वार्ड-31) में अर्घ्य दिया जा सकेगा। जे सेक्टर (वार्ड-33), वीकर सेक्शन पार्क, वृंदावन पार्क, शिवाजी पार्क, डिफेंस कॉलोनी पार्क, 100 एमआईजी पार्क, रेंटल पार्क, बंगाली अखाड़ा पार्क और रानी पार्क पंच शिव मंदिर के सामने (ये सभी वार्ड-34 में) भी व्यवस्था की गई है। कुणाल पार्क, त्रिकोनिया पार्क, राम सुंदर दास पार्क और जी ब्लॉक 22 नंबर पार्क (वार्ड-35) को भी छठ पूजा के लिए तैयार किया गया है। हार्ट हॉस्पिटल सब्जी मंडी पार्क, हनुमान नगर एलआईजी पार्क, के सेक्टर पार्क और एलआईसी कॉलोनी स्थित विवेकानंद पार्क (वार्ड-44) में भी अर्घ्य दिया जा सकेगा। बैंक मेन्स कॉलोनी सामुदायिक भवन, डेंटल कॉलेज के पास मंदिर, साकेतपुरी सामुदायिक भवन के पास, सूर्य मंदिर के पास और एलआईजी कैंपस (वार्ड-45) भी सूची में शामिल हैं। इसके अलावा चंद्रशेखर पार्क, ग्रीन पार्क, कबीर पार्क और शिव मंदिर पार्क (वार्ड-46) तथा ओमकार मंदिर ट्रांसपोर्ट नगर (वार्ड-55) में भी व्यवस्था की गई है।
अजीमाबाद अंचल
- अजीमाबाद अंचल में दो स्थायी तालाबों को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया है। इनमें रानीपुर चकिया तालाब और मेहंदीगंज तालाब शामिल हैं।
पटना सिटी अंचल
- पटना सिटी अंचल में मंगल तालाब पर छठ महापर्व के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल गंगा तट के नजदीक हैं, इसलिए यहां अधिकांश श्रद्धालु गंगा घाटों पर ही अर्घ्य देते हैं। इन अंचलों में भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छोटे वाटर ई-कार्ट से तालाबों में गंगाजल मिलाया जा रहा है।
घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी और चेंजिंग रूम की व्यवस्था
नगर निगम के अनुसार, चिह्नित तालाबों और पार्कों में छठ पूजा से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी स्थलों पर बैरिकेडिंग, रंग-रोगन और प्रकाश व्यवस्था का काम पूरा कराया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए तालाबों के पास चेंजिंग रूम भी बनाए गए हैं। कच्चे तालाबों में सुरक्षा के लिहाज से सैंडबैग लगाए गए हैं। इसके अलावा सभी पूजा स्थलों पर नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित माहौल मिल सके।
