Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   Movie Reviews ›   Student of the year after dark web series review in hindi starring shanaya kapoor produced by karan johar

Student Of The Year After Dark Review: ट्रॉफी का खेल अब बना मौत का खेल, शनाया कपूर की सीरीज में कितना है दम?

Fri, 13 Nov 2026 04:19 PM IST
Kiran Vinod Kumar Jain किरण जैन
Updated Fri, 13 Nov 2026 04:19 PM IST
सार

  • करण जौहर की चर्चित फ्रेंचाइजी 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' अब नए अंदाज में लौट आई है।
  • 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' में इस बार कॉलेज की मस्ती, दोस्ती और रोमांस की जगह रहस्य, मौत और एक खतरनाक खेल ने ले ली है।
  • छह एपिसोड की इस सीरीज में शनाया कपूर जुड़वां बहनों के किरदार में नजर आ रही हैं।
  • क्या वह अपने अभिनय से प्रभावित कर पाती हैं? क्या फ्रेंचाइजी का यह नया अंदाज दर्शकों को बांधकर रखता है? जानिए इस रिव्यू में।

विज्ञापन
Student of the year after dark web series review in hindi starring shanaya kapoor produced by karan johar
स्टूडेंट ऑफ द ईयर आफ्टर डार्क वेब सीरीज रिव्यू - फोटो : अमर उजाला
Movie Review
'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क'
कलाकार
शनाया कपूर , शीबा चड्ढा , हर्ष छाया , विवेक गोम्बर , दिविक शर्मा , मान्या ग्रोवर , अभिनव सिंह , दीया दामिनी और आदि मलिक
लेखक
रीमा माया और देबाशीष इरेंगबाम
निर्देशक
रीमा माया
निर्माता
करण जौहर , अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता
रिलीज डेट
13 नवंबर 2026
रेटिंग
3/5

विस्तार

करण जौहर की 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2012 में हुई थी। पहली फिल्म में आलिया भट्ट, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा नजर आए थे। दोस्ती, प्यार और स्टूडेंट ऑफ द ईयर की ट्रॉफी जीतने की होड़ इस फिल्म की कहानी थी।
विज्ञापन


2019 में आई दूसरे पार्ट में टाइगर श्रॉफ, अनन्या पांडे और तारा सुतारिया थे। अब इस फ्रेंचाइजी का अंदाज बदल गया है। 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' में न पुराना रोमांस है, न वही ग्लैमर। इस बार कहानी एक लड़की की मौत और स्कूल में चल रहे खतरनाक खेल के इर्द-गिर्द घूमती है।
विज्ञापन


छह एपिसोड की इस सीरीज में रहस्य है, नकाबपोश लोग हैं और कई ऐसे राज हैं, जो धीरे-धीरे सामने आते हैं। अब यह सीरीज देखने लायक है या नहीं ...जानने के लिए पूरा रिव्यू पढ़ें।
विज्ञापन
विज्ञापन

Student of the year after dark web series review in hindi starring shanaya kapoor produced by karan johar
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क - फोटो : इंस्टाग्राम @shanayakapoor02
कहानी:
सेंट टेरेसा हेरिटेज स्कूल की पूर्व चाइल्ड आर्टिस्ट आयशा मलिक (शनाया कपूर) का शव बरखाली झील में मिलता है। पुलिस इसे आत्महत्या बताकर केस बंद कर देती है। उसकी जुड़वां बहन अदिति (शनाया कपूर) इस फैसले से संतुष्ट नहीं है। वैसे, दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत नहीं थी, फिर भी अदिति सच जानने के लिए अपनी पहचान छिपाकर उसी स्कूल में दाखिला लेती है।

वहां उसे 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' नाम की एक गुप्त प्रतियोगिता के बारे में पता चलता है। इसे नकाबपोश लोग चलाते हैं। स्टूडेंट्स को खतरनाक चुनौतियां दी जाती हैं और जीतने वाले की सबसे बड़ी इच्छा पूरी करने का वादा किया जाता है। अदिति भी इस खेल का हिस्सा बनती है। इसी दौरान उसे छात्रों पर नजर रखने के लिए इस्तेमाल होने वाले ट्रैकर टोकन...सीसीटीवी से छेड़छाड़ और कई छिपे हुए राज का पता चलता है। बहन आयशा के फोन में मिला एक सुराग भी उसकी मौत की गुत्थी को और उलझा देता है।

Student of the year after dark web series review in hindi starring shanaya kapoor produced by karan johar
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क - फोटो : सोशल मीडिया
फ्रेंचाइजी का बदला हुआ चेहरा
पहली फिल्म में छात्रों के सामने ट्रॉफी जीतने का सपना था। इस बार खेल कहीं ज्यादा खतरनाक है। हर छात्र की अपनी इच्छा है। कोई पॉपुलर होना चाहता है। ...तो कोई अपनी जिंदगी बदलना चाहता है। नकाबपोश लोग इन्हीं इच्छाओं का फायदा उठाते हैं। यही विचार सीरीज को पुराने अंदाज से अलग करता है।

स्कूल का अमीरों वाला माहौल ... छात्रों के बीच मुकाबला और उनके छिपे राज कहानी का हिस्सा हैं। लेकिन यहां दोस्ती और प्यार से ज्यादा जोर रहस्य और अपराध पर है। फ्रेंचाइजी के लिए यह बदलाव नया है और कम से कम शुरुआत में उत्सुकता बनाए रखता है।

Student of the year after dark web series review in hindi starring shanaya kapoor produced by karan johar
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क - फोटो : सोशल मीडिया
अभिनय:
शनाया कपूर के लिए यह सीरीज एक बड़ा मौका है। एक ही शो में जुड़वां बहनों का किरदार निभाना आसान नहीं होता। आयशा और अदिति के पर्सनालिटी में फर्क दिखाने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है। शनाया कोशिश करती हैं... लेकिन अभी उनके अभिनय में ठहराव और भावनाओं की गहराई की जरूरत है। कई सीन्स में उनके चेहरे के हाव-भाव एक जैसे लगते हैं।

शनाया के बोलने का अंदाज भी एक जैसा रहता है। दुख हो या गुस्सा, उनकी आवाज में उस हिसाब से बदलाव नजर नहीं आता। इमोशनल सीन्स में वह दर्शकों से जुड़ नहीं पातीं। दोहरी भूमिका मिलना अपने आप में अभिनय की बड़ी उपलब्धि नहीं है। असली परीक्षा दोनों किरदारों को अलग-अलग पहचान देने की होती है।

शीबा चड्ढा, हर्ष छाया और विवेक गोम्बर जैसे अनुभवी कलाकारअपनी मौजूदगी से सीन्स को मजबूत बनाते हैं।। युवा कलाकारों में दिविक शर्मा, मान्या ग्रोवर, अभिनव सिंह, दीया दामिनी और आदि मलिक शामिल हैं। हालांकि, सभी किरदारों को अपनी कहानी सामने रखने का बराबर मौका नहीं मिलता।

Student of the year after dark web series review in hindi starring shanaya kapoor produced by karan johar
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क - फोटो : सोशल मीडिया
निर्देशन और तकनीकी पक्ष:
निर्देशक रीमा माया इससे पहले 'काउंटरफिट कुंकू' (2018) और 'नॉक्टर्नल बर्गर' (2023) जैसी शॉर्ट फिल्में बना चुकी हैं। दोनों फिल्मों का प्रीमियर सनडांस फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' से उन्होंने वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा है।

अच्छी बात यही है कि रीमा ने पुरानी फ्रेंचाइजी को दोहराने के बजाय इसे थ्रिलर का रूप दिया है। स्कूल की चमक-दमक के पीछे चल रहे खेल को दिखाने की कोशिश अच्छी है। नकाबपोश लोगों की मौजूदगी कहानी में रहस्य बनाए रखती है। तकनीकी तौर पर सीरीज अच्छी है। खासकर अंधेरे सीन्स और गेम के दौरान लाल रोशनी का इस्तेमाल माहौल को डरावना बनाता है। सिनेमैटोग्राफी अच्छी है और बैकग्राउंड स्कोर भी कई सीन्स में तनाव बढ़ाता है। कुछ रैप गाने तेज रफ्तार वाले सीन्स के साथ ठीक बैठते हैं।

Student of the year after dark web series review in hindi starring shanaya kapoor produced by karan johar
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क - फोटो : सोशल मीडिया
स्क्रीनप्ले:
सीरीज का विचार अच्छा है, लेकिन इसे पर्दे पर उतारने में कुछ कमियां रह गई हैं। छात्रों की इच्छाओं और कमजोरियों को उनके खिलाफ इस्तेमाल करने का तरीका कहानी को दिलचस्प बनाता है। हालांकि, शुरुआत में बहुत सारे किरदार और उनके राज एक साथ सामने आते हैं।

इससे कहानी थोड़ी उलझ जाती है। कुछ जगह रहस्य को जरूरत से ज्यादा खींचा गया है। चौथे एपिसोड से कहानी संभलती है और आखिरी दो एपिसोड में दिलचस्पी बढ़ती है।


नेगेटिव पॉइंट्स: यहां कमजोर पड़ती है सीरीज
शनाया की एक्टिंग कमजोर: शनाया दोनों किरदारों के साथ न्याय नहीं कर पातीं। दोनों बहनों के स्वभाव और सोच में फर्क होने के बावजूद पर्दे पर वे लगभग एक जैसी लगती हैं। इससे दोहरी भूमिका का असर खत्म हो जाता है।

शुरुआत में उलझती है कहानी: पहले कुछ एपिसोड में बहुत कुछ एक साथ समझाने की कोशिश की गई है। कई किरदार और उनके राज दर्शकों को उलझाते हैं। मिस्ट्री में शेरलॉक होम्स जैसा जासूसी अंदाज भी जबरन डाला हुआ लगता है।

अंत छोड़ता है सवाल: कातिल का खुलासा चौंकाता है, लेकिन इसके बाद कहानी अचानक खत्म हो जाती है। कुछ सवालों के जवाब नहीं मिलते। लगता है कि दूसरे सीजन के लिए कहानी अधूरी छोड़ी गई है।

नयापन नहीं दिखता: सीरीज देखते हुए 'प्रिटी लिटिल लायर्स' (अमेरिका), 'एलीट' (स्पेन) और 'स्क्विड गेम' (दक्षिण कोरिया) की याद आती है। अमीर छात्रों के राज, मौत के बाद शक और नकाबपोश लोगों का खेल पहले भी देखा जा चुका है। इसलिए कहानी में कुछ नया नहीं लगता।

Student of the year after dark web series review in hindi starring shanaya kapoor produced by karan johar
स्टूडेंट ऑफ द ईयर- आफ्टर द डार्क - फोटो : सोशल मीडिया
देखें या नहीं?
कुल मिलाकर, 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' में एक दिलचस्प थ्रिलर बनने की गुंजाइश थी। कुछ अच्छे ट्विस्ट के बावजूद यह सीरीज अपनी पूरी क्षमता तक नहीं पहुंच पाती। इसे देखने के बाद कहानी से ज्यादा इसके अधूरे सवाल याद रह जाते हैं। अगर आप मर्डर मिस्ट्री के शौकीन हैं, तो एक बार देख सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें Entertainment News से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे Bollywood News, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट Hollywood News और Movie Reviews आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed