{"_id":"6af69e8858d6acf2750b149d","slug":"video-dispute-over-popcorn-software-engineer-attacked-with-kirpan-in-cinema-hall-in-dabwali-icu-2026-11-13","type":"video","status":"publish","title_hn":"डबवाली के सिनेमा हाॅल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर हमला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
डबवाली के सिनेमा हाॅल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर हमला
डबवाली के नजदीकी गांव डूमवाली स्थित सेंचुरी सिटी सिनेमा में पॉपकॉर्न को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। फिल्म देखने पहुंचे दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक युवक पर कथित तौर पर कृपाण से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक मेहर मिड्ढा को बठिंडा के मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां वह आईसीयू में उपचाराधीन है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मेहर बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार, डबवाली के वार्ड नंबर-11 निवासी विजय मिड्ढा उर्फ निक्का का परिवार रात को डूमवाली गांव स्थित सेंचुरी सिटी सिनेमा में फिल्म देखने गया था। इसी दौरान सिनेमा हॉल में पॉपकॉर्न को लेकर मेहर मिड्ढा और वहां पॉपकॉर्न बेचने वाले कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली दिखाई देने वाला विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
पीड़ित परिवार के आरोपों के मुताबिक, पॉपकॉर्न बेचने वाले कुछ लोगों ने मेहर के साथ बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर कृपाण से मेहर पर हमला कर दिया। इस हमले में उसके हाथ पर गंभीर चोट आई। अचानक हुई इस घटना से सिनेमा हॉल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल मेहर को तुरंत बठिंडा के मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
दिवाली पर घर आया था
मेहर के पिता विजय मिड्ढा उर्फ निक्का ने बताया कि उनका बेटा बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करता है। वह दिवाली पर 7 नवंबर को ही घर आया था। परिवार के साथ फिल्म देखने जाने के दौरान यह घटना हो गई। परिवार ने इस मामले में पथराला पुलिस चौकी में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
युवक बयान देने की स्थिति में नहीं : चौकी प्रभारी
पथराला पुलिस चौकी के प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि घायल युवक की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने फिलहाल उसे बयान देने के लिए सक्षम नहीं बताया है। पुलिस युवक के बयान दर्ज होने का इंतजार कर रही है। उसका बयान सामने आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चौकी प्रभारी ने बताया कि सिनेमा हॉल से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। अब जांच और घायल युवक के बयान के बाद ही झगड़े की पूरी वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।