{"_id":"6b0836e6f0349689ea018be1","slug":"video-police-arrive-during-tilak-ceremony-in-amethi-and-arrest-a-bsf-jawan-2026-11-26","type":"video","status":"publish","title_hn":"अमेठी में तिलक की रस्म के बीच पहुंची पुलिस, बीएसएफ जवान को किया गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमेठी में तिलक की रस्म के बीच पहुंची पुलिस, बीएसएफ जवान को किया गिरफ्तार
अमेठी में एक घर में तिलक की रस्म चल रही थी। रिश्तेदार जुटे थे। दो दिसंबर को होने वाली शादी की तैयारियां पूरी की जा रही थीं। तभी पुलिस पहुंची और बीएसएफ जवान बृजेश कुमार चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया। मोहनगंज क्षेत्र की एक युवती ने उस पर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और नौकरी मिलने के बाद शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है।
युवती की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया। तिलक के दिन हुई गिरफ्तारी से शादी की खुशियों के बीच परिवार में अफरातफरी मच गई। उधर, जिस युवती से बृजेश का विवाह तय हुआ था, वहां भी रिश्ता टूटने की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जगदीशपुर के गुडाढी निहालगढ़ गांव निवासी बृजेश की युवती से फरवरी 2023 में ऑनलाइन काम के दौरान पहचान हुई थी। इसके बाद इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई। युवती के मुताबिक, दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो बृजेश ने शादी का भरोसा दिया। इसी भरोसे पर उनके बीच शारीरिक संबंध बने।
आरोप है कि बीएसएफ में नौकरी मिलने के बाद बृजेश का व्यवहार बदल गया और उसने शादी से इन्कार कर दिया। इसी बीच बृजेश का विवाह मोहनगंज क्षेत्र के एक गांव की युवती से तय हो गया। इसकी जानकारी होने पर शिकायतकर्ता ने उसकी मां संतोषा देवी और चाचा सुरेश कुमार से बातचीत की।
युवती ने 19 नवंबर को फोन पर हुई बातचीत का भी शिकायत में उल्लेख किया है। आरोप है कि बृजेश ने शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद युवती अपनी मां के साथ जगदीशपुर कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की। मंगलवार 25 नवंबर को तिलक की रस्म के दौरान जवान के घर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद न्यायालय में पेश किया गया।
युवती के अनुसार, फरवरी 2023 में ऑनलाइन काम के दौरान दोनों की पहचान हुई थी। इंस्टाग्राम पर संदेशों और वीडियो कॉल के जरिये बातचीत आगे बढ़ी। आरोप है कि बृजेश ने शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए और नौकरी मिलने के बाद वादे से मुकर गया।
बृजेश का तिलक 25 नवंबर और विवाह दो दिसंबर को तय था। घर में रस्मों की तैयारियां चल रही थीं। गिरफ्तारी के बाद समारोह की खुशियां फीकी पड़ गईं। मोहनगंज क्षेत्र में तय हुए रिश्ते को लेकर भी असमंजस की स्थिति है।
तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बीएसएफ जवान को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।